लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने आज 3 दिसंबर को सदन में दिवंगत कांग्रेस नेता एवं पूर्व सांसद रामेश्वर डूडी को श्रद्धांजलि अर्पित की । यह श्रद्धांजलि सोमवार को संसद सत्र के दौरान उन्हें याद नहीं करने पर राजनीतिक हलकों में उठी नाराजगी के बाद दी गई।
विपक्ष और नेताओं ने जताई थी नाराजगी
संसद के शीतकालीन सत्र के पहले दिन 2 दिसंबर को जब कुछ दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी गई, तब पूर्व सांसद रामेश्वर डूडी को याद नहीं किया गया था । इस पर नागौर के सांसद एवं राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के प्रमुख हनुमान बेनीवाल ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर तीखा रोष जताया था । बेनीवाल के साथ ही बीकानेर कांग्रेस देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग, रेवंतराम पंवार सहित कई कांग्रेस नेताओं ने सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को उठाया था।
किसान नेता रामेश्वर डूडी का योगदान
रामेश्वर डूडी राजस्थान के प्रतिष्ठित किसान नेता और पूर्व विधानसभा नेता प्रतिपक्ष थे, जिन्होंने बीकानेर से 1999-2004 के दौरान लोकसभा सांसद के रूप में जनता की सेवा की । 4 अक्टूबर 2025 को 62 वर्ष की आयु में लंबी बीमारी के बाद उनका निधन हो गया था। डूडी ने अपना संपूर्ण जीवन किसानों और वंचितों के अधिकारों के लिए समर्पित किया था।
कांग्रेस और विपक्षी नेताओं की प्रतिक्रिया
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी संसद में डूडी को श्रद्धांजलि न देने पर गहरी निराशा व्यक्त की थी । सांसद हनुमान बेनीवाल ने अपने पत्र में कहा था कि जब डूडी नेता प्रतिपक्ष थे तो वे उनके साथ विधायक रहे और उन्हें पारिवारिक सदस्य की तरह स्नेह प्राप्त हुआ था ।
