जयपुर। राजस्थान में सर्दी ने अपना असर तेज कर दिया है । रविवार सुबह से पूर्वी राजस्थान और शेखावाटी क्षेत्र के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी शून्य के करीब पहुंच गई । वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और सड़कों पर गाड़ियां रेंगती हुई नजर आईं।
श्रीगंगानगर में सबसे ज्यादा असर
श्रीगंगानगर जिले में सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता लगभग 10 से 15 मीटर तक सिमट गई । वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर सावधानी से गाड़ी चलानी पड़ी। मौसम विभाग के अनुसार जिले का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है, जबकि अधिकतम तापमान 15 डिग्री के आसपास बना हुआ है ।
शेखावाटी क्षेत्र के अलावा बीकानेर संभाग, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर, झुंझुनूं और सीकर में भी हल्के बादल और कोहरे का असर देखने को मिला।
जनजीवन प्रभावित, लोग घरों में सिमटे
शीतलहर और घने कोहरे के कारण लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सुबह के समय कोचिंग सेंटर जाने वाले विद्यार्थियों और रोजमर्रा के काम पर निकलने वाले लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। शहर के प्रमुख बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा। लोग ठंड से बचने के लिए अलाव जलाकर गर्माहट ले रहे हैं।
धौलपुर में भी सर्द हवाओं के साथ कड़ाके की सर्दी ने दस्तक दे दी है। हाईवे और सड़क मार्गों पर आवागमन की रफ्तार काफी धीमी हो गई है।
नए विक्षोभ से बिगड़ा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश का मौसम बदल गया है । वायुमंडल में धुंध छाई रही और रविवार को मौसम का मिजाज खराब हो गया। मौसम विभाग ने अगले एक-दो दिनों में सर्दी के प्रकोप के और बढ़ने की संभावना जताई है ।
हालांकि, घना कोहरा और कड़ाके की सर्दी रबी फसलों के लिए काफी फायदेमंद मानी जा रही है। किसानों को इस मौसम से गेहूं और अन्य फसलों की अच्छी पैदावार की उम्मीद है।
आने वाले दिनों का हाल
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 25 दिसंबर तक सर्दी सामान्य स्तर पर बनी रह सकती है, लेकिन क्रिसमस के बाद ठंड का प्रभाव तेजी से बढ़ेगा । उत्तर राजस्थान में कोहरे की समस्या अभी कुछ दिनों तक बनी रह सकती है।
