जयपुर | राजस्थान की राजनीति में इन दिनों केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जोधपुर सांसद शेखावत ने 20 जुलाई को जोधपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, “भारतीय जनता पार्टी, भगवान, भरोसे, भजनलाल और अच्छे जमाने की एक ही राशि है। भाजपा के राज में सुकाल आता है, जबकि कांग्रेस और काल की राशि एक है। जब-जब कांग्रेस का राज आता है, तब-तब अकाल पड़ता है।” यह बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। शेखावत ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तीखा हमला बोलते हुए रामसेतु जैसे धार्मिक प्रतीक पर उनकी दोहरी नीति को भी उजागर किया।
रामसेतु विवाद और डोटासरा का पलटवार
शेखावत ने आरोप लगाया कि केंद्र में कांग्रेस शासन के दौरान सुप्रीम कोर्ट में रामसेतु के अस्तित्व को नकारने वाला एफिडेविट दाखिल किया गया था। उन्होंने गहलोत और कांग्रेस से इस पर स्पष्टीकरण माँगा, साथ ही उनकी सोच और पार्टी की नीति में अंतर को उजागर करने की माँग की। इस वायरल वीडियो ने विपक्ष को नया मुद्दा दे दिया है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने शेखावत के बयान पर तीखा प्रहार करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, “मंत्री जी.. भय, भ्रमण, भ्रमित, भूमाफिया और भ्रष्टाचार क्यों भूल गए? भाजपा, भजनलाल और भाग्य के साथ ये भी तो जुड़े हैं।” डोटासरा के इस जवाब ने सियासी घमासान को और तेज कर दिया है।